अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेने श्रीनगर पहुंची रांची की 21 सदस्यीय टीम
रांची, 31 मई 2026। रांची जिला ताइक्वांडो संघ की 21 सदस्यीय टीम प्रथम प्रोफेशनल ताइक्वांडो फेडरेशन इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में भाग लेने के लिए श्रीनगर पहुंच गई है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 29 मई से 2 जून 2026 तक शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, श्रीनगर में आयोजित की जा रही है।
रांची जिला ताइक्वांडो संघ की टीम का नेतृत्व संघ के सचिव मिथलेश कुमार सिंह कर रहे हैं। टीम के प्रशिक्षक चंदन कुमार, करमचंद भगत एवं अनंत नाग चंदन खिलाड़ियों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। वहीं, टीम प्रबंधक के रूप में भारती कुमारी, देवाशीष भगत एवं कुमारी रोमा अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्व के विभिन्न देशों से लगभग 600 खिलाड़ी एवं प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक हो गया है।
रांची जिला ताइक्वांडो संघ के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। संघ के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने टीम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
