थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी नदी में फंसी, निकालने के लिए बुलानी पड़ी JCB

Giridih : गावां थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ऐसी घटना हुई, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में होती रही। थाना प्रभारी का सरकारी वाहन बीच नदी में फंस गया, जिसके बाद उसे बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। घटना का वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी किसी काम से चेरवा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका सरकारी वाहन नदी के रास्ते उतार दिया गया। बताया जा रहा है कि मुख्य मार्ग पर नदी पार करने के लिए दो पुल मौजूद थे, लेकिन किसी कारणवश वाहन को पुल से ले जाने के बजाय सीधे नदी के रास्ते उतार दिया गया। नदी में उतरते ही वाहन बीच धारा में फंस गया और आगे बढ़ना मुश्किल हो गया। देखते ही देखते यह खबर आसपास के लोगों तक पहुंच गई और मौके पर कपड़ों की भीड़ जमा हो गई।
काफी मशक्कत के बाद जेसीबी से निकाला गया वाहन
वाहन के फंसने के बाद उसे बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी मशीन मंगाई गई। जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।
वीडियो और तस्वीरें बनीं चर्चा का विषय
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो और तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद कर लीं। बाद में ये वीडियो और तस्वीरें इलाके में चर्चा का विषय बन गईं। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब नदी पार करने के लिए पुल की सुविधा उपलब्ध थी, तो वाहन को नदी के रास्ते ले जाने की जरूरत क्यों पड़ी। ग्रामीणों का मानना है कि संभवतः शॉर्टकट अपनाने की कोशिश में यह स्थिति पैदा हुई।
प्रशासन की ओर से नहीं आया कोई बयान
हालांकि, घटना के बाद वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इस मामले में अब तक प्रशासन या पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
