42वीं ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट : झारखंड ने पहले मुकाबले में दर्ज की शानदार जीत
उत्तराखंड में आयोजित 42वीं ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में झारखंड की टीम ने अपने पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स को पांच विकेट से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट खोकर 346 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान मयंक रावत ने 88 रन, हार्दिक शर्मा ने 53 रन और सूर्यांश रैना ने 51 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। झारखंड की ओर से बाल कृष्णा, कुनैन कुरैशी और मनीषी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
347 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड की टीम ने 45.3 ओवरों में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। झारखंड की जीत में पंकज कुमार ने 85 रन, कुनैन कुरैशी ने 55 रन और शुभ शर्मा ने 67 रन का अहम योगदान दिया।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से हिमांशु चौहान, लवनेश चंदेल और अर्जुन ने एक-एक विकेट प्राप्त किए।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कुनैन कुरैशी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
