दो दिवसीय ताइक्वांडो रेफरी, जज, कोच सेमिनार सह ब्लैक बेल्ट टेस्ट का सफल समापन
57 खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकों और नियमों की दी गई जानकारी
रांची : झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में बी एन एन इंटरनेशनल स्कूल, इरबा में आयोजित दो दिवसीय ताइक्वांडो रेफरी, जज, कोच सेमिनार सह ब्लैक बेल्ट टेस्ट का रविवार को सफल समापन हुआ। खिलाड़ियों के उत्साह और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस विशेष सेमिनार में राज्यभर से कुल 57 ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने भाग लिया। दो दिनों तक चले प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को रेफरी, जजिंग और कोचिंग के आधुनिक नियमों, तकनीकों एवं खेल की बारीकियों से अवगत कराया गया। साथ ही ब्लैक बेल्ट टेस्ट का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
सेमिनार के मुख्य प्रशिक्षक देवघर के मधुपुर निवासी अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक आजाद सर रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को ताइक्वांडो की बेसिक एवं एडवांस तकनीकों, पुमसे, क्योरुगी, सेल्फ डिफेंस तथा वर्ल्ड ताइक्वांडो के नवीनतम रेफरी एवं जजिंग नियमों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, सटीकता और खेल भावना पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्य में सहायक ट्रेनर के रूप में जयपाल महतो, नेशनल रेफरी चंचल कुमारी, सुषमा कुमारी, मनीषा मुंडा एवं खुशी तिर्की ने अहम भूमिका निभाई। सभी प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों के साथ वन-टू-वन प्रैक्टिस कर उनकी तकनीकी कमियों को सुधारने का प्रयास किया।
यह आयोजन झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के सचिव शकील अंसारी एवं अध्यक्ष मोहम्मद जमील अंसारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य झारखंड के हर जिले में ताइक्वांडो को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करना है।
समापन समारोह में ताइक्वांडो कोच सनाउल्लाह सर, बी एन एन इंटरनेशनल स्कूल की वाइस प्रिंसिपल नीलम कुमारी, आनंद सर, पायल मैम सहित कई खेलप्रेमी एवं अभिभावक उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।
ब्लैक बेल्ट टेस्ट में अंजू कुमारी, सुलेखा महतो, निखिल लोहरा, विकास तिर्की, बीरेंद्र कच्छप, अफताब अंसारी, फ़िज़ा परवीन, पूर्णिमा उरांव एवं सिवनी कुमारी ने पुमसे, ब्रेकिंग, स्पारिंग एवं लिखित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं सेमिनार में राम मुंडा, पीयूष ठाकुर, बगनू मुंडा, रवि मुंडा, चंदन मछुव, विवेक उरांव, सुभद्रा पूर्ती, आयरा अस्मा अली, श्रद्धांजलि सवंसी, इशांत गोप, अरनव रंजन एवं अन्य उभरते खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाने की घोषणा की गई। अध्यक्ष मोहम्मद जमील अंसारी ने बताया कि जल्द ही राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच मिल सके।
कार्यक्रम की जानकारी झारखंड यूनाइटेड ताइक्वांडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के सचिव शकील अंसारी ने दी।
