खूंटी पुलिस का ‘मिशन मुस्कान’ सफल, 57 गुम मोबाइल बरामद कर असली मालिकों को लौटाए

Khunti : खूंटी पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता दिखाते हुए ‘मिशन मुस्कान’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए लगातार तकनीकी जांच और कार्रवाई की गई। इस अभियान का मकसद लोगों के खोए मोबाइल को जल्द से जल्द ढूंढकर उन्हें वापस दिलाना था। जिले के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 57 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। तकनीकी अनुसंधान और लगातार निगरानी के जरिए पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।
असली मालिकों को लौटाए गए मोबाइल
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन को पुलिस अधीक्षक खूंटी की मौजूदगी में उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंपा गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल पाएगा। मोबाइल वापस मिलने के बाद सभी धारकों ने खूंटी पुलिस का आभार जताया। लोगों ने कहा कि पुलिस की तत्परता और मेहनत की वजह से उन्हें उनका कीमती सामान वापस मिल सका। इस पहल की लोगों ने जमकर सराहना की।
एसपी ने थाना प्रभारियों को दिए जरूरी निर्देश
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।खूंटी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी का मोबाइल गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत अपने नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि समय रहते शिकायत मिलने पर तकनीकी कार्रवाई कर मोबाइल बरामद करने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
