स्टेशन मास्टर से छिनतई करने वाला नाबालिग पिस्टल के साथ गिरफ्तार, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

जामताड़ा पुलिस ने 4 मई को स्टेशन मास्टर से हुई छिनतई मामले का खुलासा कर दिया है। इस मामले में शामिल एक नाबालिग अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, बाइक, मोबाइल और लूट का सामान बरामद किया गया है। मंगलवार को जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 4 मई को जामताड़ा थाना क्षेत्र के ठोकीपाड़ा कब्रिस्तान के पास काश्तीआंड हॉल्ट के स्टेशन मास्टर मोहम्मद इरफान अंसारी से अपराधी ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने इसे देनदार से लेते हुए जांच शुरू की और मामले के खुलासे के लिए एक एसआईटी टीम बनाई गई थी।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जांच के दौरान एसआईटी को सूचना मिली कि इस कांड में शामिल अपराधी शहरडाल गांव में किसी नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कुछ अपराधी भाग निकले, लेकिन एक नाबालिग अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, दो स्मार्टफोन, एक अपाचे बाइक और लूटे गए सामान बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान कई वारदातों से जुड़े हो सकते हैं और इसकी जांच की जा रही है।
पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है आरोपी
एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार नाबालिग अपराधी पहले भी कई गंभीर घटनाओं में शामिल रहा है। वह मिहिजाम गोलीकांड समेत कई लूट और छिनतई की घटनाओं में सक्रिय रहा है। वह पहले जेल भी जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। बाहर आते ही वह फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इसी गिरोह ने कुछ दिन पहले चितरंजन नॉर्थ इलाके में एक महिला से मोबाइल, पर्स और चेन छीनने की वारदात को भी अंजाम दिया था।
एसआईटी टीम की कार्रवाई से मिली सफलता
इस पूरे ऑपरेशन में मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा, पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह, अलित सागर केरकेट्टा, सहायक अवर निरीक्षक सूजन कुमार रवानी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब गिरोह के बाकी फरार सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
