Home

घूसखोर ASI चढ़ा ACB के हत्थे, केस डायरी कमजोर करने के एवज में ले रहा था रिश्वत

Bokaro : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में एसीबी धनबाद की टीम ने बोकारो जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई अयूब अंसारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई नया मोड़ इलाके में की गई। जानकारी के अनुसार, एएसआई अयूब अंसारी बालीडीह थाना में दर्ज एक मामले के अनुसंधानकर्ता थे। आरोप है कि उन्होंने केस डायरी कमजोर करने और आरोपी को राहत देने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मामले की शिकायत एसीबी धनबाद से कर दी।

शिकायत के सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की राशि लेकर नया मोड़ पहुंचा। जैसे ही उसने केमिकल लगे नोट एएसआई अयूब अंसारी को दिए, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

हाथ धुलवाने पर पानी हुआ गुलाबी

एसीबी टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद की। इसके बाद जब उनके हाथ धुलवाए गए तो पानी का रंग गुलाबी हो गया। अधिकारियों के अनुसार यह रिश्वत की रकम छूने का प्रमाण है।

गिरफ्तार कर धनबाद ले गई टीम

गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *