बुंडू प्रखंड कार्यालय में विधिक जागरूकता सह रक्तदान शिविर का आयोजन

रांची : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची एवं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के संयुक्त तत्वावधान में बुंडू प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय विधिक जागरूकता सह रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के राज्य प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने की।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के सचिव श्री राकेश रौशन, बुंडू के अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम एवं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रितेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण जनता के बीच विधिक जागरूकता फैलाना, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना था। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के पैनल अधिवक्ता श्री राजेश कुमार सिन्हा ने ग्रामीणों को विधिक अधिकारों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा मुकदमों से संबंधित आवेदन, अबुआ आवास, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन एवं भूमि विवाद से जुड़े कई आवेदन आगे की कार्रवाई हेतु जमा किए गए।
इसके साथ ही सदर अस्पताल की रक्त संग्रहण टीम रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में शिविर में उपस्थित रही। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के सदस्यों द्वारा किए गए रक्तदान का संग्रहण टीम द्वारा किया गया। इस दौरान सचिव श्री राकेश रौशन एवं अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम ने रक्तदाताओं के बीच बिस्कुट, पानी एवं जूस का वितरण किया।
सचिव श्री राकेश रौशन ने शिविर में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए सभी को सस्ता एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रितेश कुमार ने सचिव महोदय को रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर आभार व्यक्त किया। वहीं राज्य प्रभारी राजेश Kumar सिंह ने पैनल अधिवक्ता श्री राजेश कुमार सिन्हा एवं अंचल अधिकारी हंस हेम्ब्रम को पौधा देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर संगठन के बुंडू प्रखंड प्रभारी चौधरी महतो, राम सिंह, जागेश्वर, मुन्ना लाल, जगरनाथ मुंडा, बगराए मुंडा, बिकेस्वर महतो, सदर अस्पताल के रविन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी के सहयोग से यह एक दिवसीय विधिक जागरूकता एवं रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
