पश्चिमी सिंहभूमि

खेल युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाता है : जगत माझी

पश्चिमी सिंहभूम, 24 मई । पश्चिमी सिंहभूम कराटे डू एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को भारत भवन स्थित पोड़ाहाट मिनी स्टेडियम के पोड़ाहाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन सभागार में ग्रेडिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कराटे प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके प्रशिक्षुओं को कलर बेल्ट और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत माझी उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद का भी विशेष महत्व है। खेल युवाओं में प्रतिस्पर्द्धा की भावना विकसित करने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि कराटे केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का प्रभावी माध्यम है। आज के समय में विशेष रूप से बेटियों और युवाओं के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण आवश्यक हो गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार झारखंड गोजू रियू कराटे डू एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गौस खान की निगरानी में 23 और 24 मई को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सेंसई एहसान अहमद और सेंसई सोमारी हेम्ब्रम ने प्रशिक्षुओं की ग्रेडिंग परीक्षा ली। परीक्षा में सफल रहे सोनुवा, गोइलकेरा, राजनगर और गुदड़ी क्षेत्र के लगभग 130 कराटेकारों को अतिथियों के हाथों कलर बेल्ट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने काता और आत्मरक्षा तकनीकों का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में जेवियर इंग्लिश मीडियम स्कूल गोइलकेरा के प्रिंसिपल जेवियर प्रकाश तिर्की, समाजसेवी मनोज भगेरिया, फुटबॉल कोच इकबाल खान, बॉक्सिंग कोच तबरेज हामिद, हैदर लारी, पार्षद प्रतिनिधि दानिश जेब सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *