रांची

समर कैंप 2026 का भव्य समापन, 50 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

सरकारी विद्यालयों में खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों से गूंजा उत्साह

नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बच्चों के सर्वांगीण विकास की प्रभावी पहल


, रांची, 21 मई 2026: रांची द्वारा राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय “समर कैंप 2026” का गुरुवार को सफल समापन हुआ। “सीखें, खेलें, सृजन करें” थीम पर आधारित इस विशेष आयोजन में राज्यभर के 50 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राज्य के सभी 24 जिलों के लगभग 35 हजार विद्यालयों में आयोजित इस समर कैंप के दौरान विद्यालय परिसर खेल, कला, संस्कृति, योग और रचनात्मक गतिविधियों से जीवंत नजर आए। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समर कैंप के अंतिम दिन कई जिलों में जिला शिक्षा पदाधिकारी विभिन्न विद्यालयों में पहुंचे और बच्चों के साथ योग अभ्यास एवं सामूहिक नृत्य में शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की तथा शिविर के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए जूम्बा व्यायाम, कंचे का खेल, कविता पाठ, नृत्य तथा “मेरा विद्यालय, मेरा गाँव” विषय पर लघु भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं चित्रांकन और रंग भरने जैसी हस्तकला गतिविधियों में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए गिल्ली-डंडा, पिट्टू और गुलेल जैसे पारंपरिक स्वदेशी खेल आयोजित किए गए। साथ ही “झारखंड की संस्कृति, वन का लाभ” विषय पर भाषण प्रतियोगिता एवं झारखंड सामान्य ज्ञान आधारित क्विज का आयोजन हुआ। इसके अलावा कहानी लेखन, पुस्तक पठन, लोकगीत एवं क्षेत्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

इसी प्रकार कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए “झारखंड का विकास, पर्यावरण का संरक्षण” विषय पर भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। समूह प्रस्तुति, नाटक, लोकगीत और क्षेत्रीय नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

समर कैंप की सफलता पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी ने कहा कि यह आयोजन नई शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र में विद्यालय परिवर्तन करने वाले विद्यार्थियों को इस शिविर के माध्यम से नए वातावरण और नए मित्रों के साथ सहज रूप से जुड़ने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *