Home

जमशेदपुर में फिल्मी अंदाज में चोरी, छत काटकर उड़ा ले गए लाखों का सामान

Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित पारडीह चौक पर चोरों ने बीती रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां महेश सिंह की गल्ला दुकान ‘मामा स्टोर’ को निशाना बनाते हुए चोरों ने एसबेस्टस की छत काटकर अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान दुकान से करीब 85 हजार रुपये नकद और लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का सामान लेकर चोर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, दुकान संचालक महेश सिंह रोज की तरह रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बताया जा रहा है कि दुकान में हुई अच्छी बिक्री के चलते दूध, दही और अन्य सामान के भुगतान के लिए नकद राशि वहीं रखी गई थी, जिसे चोरों ने निशाना बना लिया।

सुबह दुकान पहुंचते ही उड़ गए होश
शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब महेश सिंह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और छत टूटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने एसबेस्टस की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी लेकर फरार हो गए।

मौके पर पहुंचे भाजपा नेता, उठाए सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने मानगो थाना पहुंचकर पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उन्होंने इलाके में बढ़ते नशे के कारोबार और डेली लॉटरी के अवैध संचालन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की वजह से आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। विकास सिंह ने कहा कि मानगो के कई इलाकों में खुलेआम नशा और अवैध लॉटरी का कारोबार चल रहा है, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोग परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही चोरी और अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगी तो लोगों को जागरूक करने के लिए पैदल मार्च निकाला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *