हजारीबाग में बालिका बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका, 26 मई से होगा ट्रायल

Hazaribagh : हजारीबाग जिले की बेटियों के लिए बैडमिंटन में करियर बनाने का शानदार मौका सामने आया है। जिले के नवसृजित आवासीय बालिका बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र के लिए चयन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सत्र 2026-27 के लिए खिलाड़ियों का चयन 26 मई से 30 मई तक किया जाएगा। यह प्रतिभा चयन प्रतियोगिता कर्जन स्टेडियम में आयोजित होगी। खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय की ओर से संचालित इस प्रशिक्षण केंद्र में चयनित खिलाड़ियों को कई आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। प्रतियोगिता का आयोजन रोज सुबह 7 बजे से किया जाएगा। चयन प्रक्रिया बैटरी टेस्ट और खेल विशेष कौशल परीक्षण के आधार पर पूरी होगी। खिलाड़ियों की फिटनेस, फुर्ती और खेल कौशल को ध्यान में रखकर चयन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं भाग ले सकती हैं। आवेदन करने वाली प्रतिभागियों की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 1 अप्रैल 2016 के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही प्रतिभागी का झारखंड का निवासी होना जरूरी है।
ये जरूरी दस्तावेज साथ लाना होगा
चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाली बालिकाओं को अपने साथ कुछ जरूरी दस्तावेज लाने होंगे। इनमें शामिल हैं:
- आधार कार्ड
- पंचायत या नगर निकाय द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र
- दो पासपोर्ट साइज फोटो
- विद्यालय का पहचान पत्र, जिसमें जन्मतिथि अंकित हो
अधिकारियों ने कहा है कि सभी दस्तावेज सही और अपडेट होने चाहिए।
चयनित खिलाड़ियों को मिलेंगी फ्री सुविधाएं
आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में चयनित खिलाड़ियों को विभाग की ओर से कई सुविधाएं बिल्कुल मुफ्त दी जाएंगी। इनमें निशुल्क आवास, भोजन, खेल किट, खेल उपकरण और अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण शामिल है। इसके अलावा खिलाड़ियों को अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे बेहतर तरीके से अभ्यास कर सकें। वहीं प्रखंड, जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक प्रतिभागी आवेदन पत्र कर्जन स्टेडियम स्थित जिला खेल कार्यालय, हजारीबाग से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट से भी आवेदन फॉर्म डाउनलोड किया जा सकता है।
जानकारी के लिए इन अधिकारियों से करें संपर्क
प्रतियोगिता और चयन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए खेल प्रशिक्षकों और समन्वयकों से संपर्क किया जा सकता है।
- नीरज कुमार राय – 9470337652
- अनुपमा रंजन – 8825151970
- विकास कुमार दास – 7667122887
