Home

हजारीबाग में नशे के नेटवर्क पर वार, 169 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 3 गिरफ्तार

हजारीबाग

Hazaribagh : हजारीबाग जिले में ब्राउन शुगर के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पेलावल ओपी क्षेत्र के पबरा गांव में छापेमारी कर 169 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस को शुरुआती जांच में नशे के एक संगठित नेटवर्क के संकेत मिले हैं।

सुबह मिली सूचना, तुरंत बनी टीम
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हजारीबाग एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि पबरा गांव में दो लोग अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तुरंत पबरा गांव के बोंगा रोड स्थित जंगल क्षेत्र में दबिश दी। वहां दो संदिग्धों को घेरकर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 169 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पूछताछ में खुला सप्लाई चेन का राज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पबरा निवासी अविनाश कुमार और ईचाक थाना क्षेत्र के हदारी निवासी संदीप कुमार उर्फ निक्की के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि ब्राउन शुगर की सप्लाई किरण कुमारी उर्फ काजल कुमार करती थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप कुमार उर्फ निक्की का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ ईचाक थाना में पहले से NDPS एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। इससे यह आशंका मजबूत हुई है कि वह लंबे समय से इस धंधे से जुड़ा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जांच एजेंसियां अब कॉल डिटेल और डिजिटल संपर्कों के जरिए यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी। इस अभियान में एएसपी हजारीबाग, सदर एसडीपीओ, पेलावल ओपी प्रभारी, ईचाक थाना प्रभारी, लोहसिंघना थाना प्रभारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *