रांची

झारखंड में 13 और 14 मई को तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट

रांची, 10 मई । झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में 13 और 14 मई को मौसम का मिजाज बिगड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि 13 मई को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा जिलों में बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। वहीं 14 मई को भी इन जिलों के अलावा दुमका में भी खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा बोकारो थर्मल में 21.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जमशेदपुर में 20.2 मिमी, सिमडेगा जिले के बानो में 19 मिमी, सिसई में 18 मिमी, बड़कागांव में 16.2 मिमी, चाईबासा में 15.1 मिमी, रामगढ़ डीवीसी में 14.5 मिमी, रांची और हिरणपुर में 14.2-14.2 मिमी तथा खलारी में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान रांची के कांके में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले एक सप्ताह से राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और तापमान में करीब 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।

रविवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर मौसम साफ रहा, हालांकि दोपहर बाद आसमान में काले घने बादल छाए रहे।

रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 33.6 और न्यूनतम 19.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 39.4 और न्यूनतम 22.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 29.1 और न्यूनतम 17.2 डिग्री तथा खूंटी में अधिकतम 32.9 और न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *