Home

जामताड़ा में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार

जामताड़ा में साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में  साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। ये अपराधी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को झांसा देकर ठगी करते थे। शनिवार को जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी शंभू कुमार सिंह ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सहसपुर गांव में साइबर ठगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक वैभव सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई में सहसपुर गांव से गुलाम अंसारी, शब्बीर अंसारी और कलाम अंसारी को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपी कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और लंबे समय से साइबर ठगी के धंधे में सक्रिय थे। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 10 फर्जी सिम कार्ड और करीब 19 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस इन सामानों की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी

एसपी ने बताया कि आरोपी कुकू एफएम ऐप और पेटीएम कस्टमर केयर के नाम पर लोगों को फोन करते थे। इसके बाद वे लोगों को झांसा देकर बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों से पैसे ठग लेते थे। ठगी के लिए दूसरे लोगों के खातों का भी इस्तेमाल किया जाता था। जांच में सामने आया है कि ये साइबर अपराधी देश के कई राज्यों के लोगों को अपना निशाना बनाते थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शब्बीर अंसारी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। वह पहले भी विभिन्न थानों में वांछित रह चुका है। प्रेस वार्ता में नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार महतो, साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार मंडल समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *