9 मई से शुरू होगी रांची जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता, 600 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
रांची: रांची जिला ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में 12वीं रांची जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन 9 और 10 मई को कांके स्थित शारदा ग्लोबल स्कूल में किया जाएगा। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में रांची जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं ओपन क्लबों से लगभग 600 खिलाड़ी, कोच, मैनेजर और रेफरी भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन सब-जूनियर एवं जूनियर आयु वर्ग के मुकाबले आयोजित होंगे, जबकि दूसरे दिन कैडेट और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे।
संघ की ओर से बताया गया कि इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी पूरे वर्ष जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 9 मई को तथा समापन समारोह 10 मई को आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
