बंगाल में नई सरकार की शपथ 9 मई को: अमित शाह पर्यवेक्षक होंगे, नड्डा को असम की जिम्मेदारी
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आ चुके हैं। बंगाल के इतिहास में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। BJP प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुताबिक नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा।
इसी दिन रवींद्र नाथ टैगोर की 165वीं जयंती है। दरअसल बांग्ला कैलेंडर के मुताबिक यह तिथि 25 वैशाख को होती है। जो आमतौर पर मई के दूसरे हफ्ते में पड़ती है।
भाजपा ने बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए गृह मंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक बनाया है। वहीं, असम के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
इधर, फरक्का से कांग्रेस के मोताब शेख की जीत खास रही। चुनाव से कुछ हफ्ते पहले उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया था। हालांकि, बाद में सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद उनका नाम वापस जोड़ा गया।
कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी समेत कई नेताओं ने TMC की हार के लिए ममता बनर्जी को जिम्मेदार बताया है।
