Home

रामगढ़ सदर अस्पताल का डीसी ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की

रामगढ़

Ramgarh : रामगढ़ जिले में मंगलवार को डीसी ऋतुराज ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की पूरी कार्यप्रणाली, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने ड्यूटी रोस्टर की जांच की और साफ निर्देश दिया कि सभी डॉक्टर तय समय पर ओपीडी और वार्ड ड्यूटी में मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि राउंड के समय डॉक्टरों की अनुपस्थिति किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति सिस्टम का सख्ती से पालन करने को कहा।

मरीजों से सीधे लिया फीडबैक
डीसी ने वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। उन्होंने सीधे मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और इलाज की स्थिति को लेकर फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत योजना की भी समीक्षा की गई। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र मरीजों को बिना किसी परेशानी के नि:शुल्क इलाज का लाभ मिलना चाहिए।

दवा वितरण व्यवस्था पर नजर
दवाओं के स्टॉक रजिस्टर की जांच करते हुए डीसी ने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि वे केवल वही दवाएं लिखें जो अस्पताल में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और कर्मियों को अनुशासित तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने की भी हिदायत दी गई।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई
डीसी ने साफ कहा कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही या ड्यूटी से अनुपस्थिति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिविल सर्जन को नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि हर नागरिक तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचे। सदर अस्पताल में समय पर डॉक्टरों की उपलब्धता और बेहतर इलाज सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *