सिमडेगा महिला हॉकी चैंपियनशिप: लीग व क्वार्टर फाइनल मुकाबले संपन्न, 4 टीमें सेमीफाइनल में
सिमडेगा, 2 मई 2026: सिमडेगा जिला स्थापना के रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन (खेल शाखा) सिमडेगा एवं हॉकी सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में न्यू अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम एवं पूर्व निर्मित एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित 7वीं सब जूनियर सिमडेगा जिला महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए।
तीसरे दिन के पहले हाफ में लीग चरण के 5 मैच खेले गए, जिसमें यूसी रेंगारी, एसटीसी लचरागढ़, एसटीसी सिमडेगा, तैसर और समसेरा की टीमों ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में शामिल 16 टीमों को 4 पूल में विभाजित किया गया था, जिसमें कुल 24 लीग मैच खेले गए और कुल 103 गोल हुए।
लीग मैच परिणाम:
- एसटीसी सिमडेगा ने प्रोजेक्ट हाई स्कूल बानो को 4-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: राधा कुमारी, बानो)
- तैसर ने पाकरताड़ को 1-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: खुशी रैना डुंगडुंग, पाकरताड़)
- समसेरा ने आरसीपीएस कोचेडेगा को 3-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: विभा बिलुंग, कोचेडेगा)
- एसटीसी लचरागढ़ ने बरवाडीह को 5-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: एंजेल टेटे, बरवाडीह)
- यूसी रेंगारी ने केवीएस सिमडेगा को 7-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: महिमा केरकेट्टा, KVS)
दूसरे हाफ में खेले गए 4 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में एसटीसी सिमडेगा, एसटीसी लचरागढ़, यूसी रेंगारी और लंबोई की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल परिणाम:
- एसटीसी सिमडेगा ने बरवाडीह को 4-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: अनीशा कुल्लू)
- एसटीसी लचरागढ़ ने समसेरा को 6-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: रेशमा कुमारी)
- यूसी रेंगारी ने बांसजोर को 2-0 से हराया (बेस्ट प्लेयर: प्रिया कांडूलना, बांसजोर)
- लंबोई ने करंगागुड़ी को 2-1 से हराया (बेस्ट प्लेयर: सबीना टोपनो)
प्रतियोगिता की शुरुआत सुबह 5:30 बजे एक साथ न्यू अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम और पुराने एस्ट्रोटर्फ मैदान में की गई। विभिन्न मैचों में हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोणबेगी, फादर बेनेदिक कुजूर, हॉकी कोच तारिणी कुमारी, रेणुका सोरेंग, बिमला सोरेंग, एंटोनिया सोरेंग, बसंती जोजो एवं सीडिलिया तिर्की ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच प्रारंभ कराया।
प्रत्येक मैच के बाद बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए खिलाड़ियों को खेल विभाग एवं हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों—समीर डुंगडुंग, तारिणी कुमारी, बिमला सोरेंग, रेणुका सोरेंग, सोमेश प्रधान और रजनी किरण सोरेंग—तथा अन्य अतिथियों द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
