Home

एक्शन में डीसी संदीप कुमार, लातेहार प्रखंड कार्यालय और मंडल कारा का किया औचक निरीक्षण

Latehar : लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार ने जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में कड़ा कदम उठाते हुए लातेहार प्रखंड कार्यालय और मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली और जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रखंड कार्यालय में उपस्थिति और अनुशासन पर जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, उपस्थिति पंजी और कैश बुक का गहन अवलोकन किया। डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचें और अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने पंचायत सचिवों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने-अपने पंचायत सचिवालय में ही नियमित उपस्थिति दर्ज करें, ताकि ग्रामीणों को सरकारी कार्यों के लिए भटकना न पड़े।

वेतन भुगतान को लेकर सख्त निर्देश

उपायुक्त ने कर्मियों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए स्पष्ट कर दिया कि जो भी कनीय अभियंता (JE) और सहायक अभियंता (AE) अपने विभाग में स्थापित हैं, लेकिन उनकी प्रतिनियुक्ति संबंधित प्रखंड-अंचल में है, उनका वेतन तभी जारी होगा जब प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी उनकी अनुपस्थिति या उपस्थिति का विवरण भेजेंगे। उन्होंने कहा कि कार्य संस्कृति में सुधार और अनुशासन बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंडल कारा में कैदियों से की बातचीत

प्रखंड कार्यालय के बाद डीसी संदीप कुमार ने लातेहार मंडल कारा का निरीक्षण किया। उन्होंने कारा परिसर में कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने खुद कैदियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही उन्होंने महिला वार्ड का भी निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा व स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।

कैदियों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान

डीसी ने कारा प्रशासन को निर्देशित किया कि कैदियों को सुधारात्मक वातावरण प्रदान करें। उन्होंने कैदियों के पुनर्वास के लिए उन्हें कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) का प्रशिक्षण देने पर जोर दिया, ताकि रिहाई के बाद वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने सभी सुविधाएं नियमानुसार और उच्च गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम में अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, अंचल अधिकारी नंद कुमार राम और प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज तिवारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *