बरहेट में आवासीय खेल प्रशिक्षण के लिए चयन ट्रायल संपन्न, कई जिलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दम
साहेबगंज। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के निर्देश पर जिला खेल कार्यालय, साहेबगंज द्वारा नव सृजित आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, बरहेट तथा पूर्व से संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहेबगंज में रिक्त पदों के लिए चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। यह चयन प्रक्रिया सिंगा मैदान में बरहेट थाना के समीप प्रातः 6:00 बजे से एन.एस.टी.सी. मानकों के आधार पर संपन्न हुई।
ट्रायल में साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, गोड्डा समेत विभिन्न जिलों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन, वजन और ऊंचाई मापन के साथ-साथ 30 मीटर दौड़, बॉल थ्रो, 10×6 शटल रन, 800 मीटर दौड़ और स्किल टेस्ट के माध्यम से मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर खेल विभाग के वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल-2 प्रशिक्षक योगेश यादव, एनआईएस डिप्लोमा कोच अशोक साहनी, एएफसी लेवल-सी फुटबॉल कोच अनिल टुडू, खेल शिक्षक बिरेंद्र कुमार, बमबम कुमार, नीतीश दास, पोलूस मरांडी, राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी प्रेम हांसदा, संतोष मुर्मू और एमानुएल किस्कू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
