Home

चतरा पुलिस ने पंजाब के दो तस्करों समेत चार को दबोचा, सात लाख की अफीम जब्त

Chatra : चतरा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब के दो तस्करों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक किलो 319 ग्राम अवैध अफीम, करीब सात लाख रुपये मूल्य की खेप, एक लग्जरी कार, चार महंगे मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

SP अनिमेश नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के टिकर-जितनी रोड के रास्ते अफीम की बड़ी खेप खपाने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही SDPO संदीप सुमन के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने टिकर रोड पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध काले रंग की मारुति स्विफ्ट कार (PB08FT-1403) को रोका गया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से एक किलो 319 ग्राम अफीम बरामद हुई।

मौके से चार तस्कर दबोचे गए

अफीम बरामद होने के बाद पुलिस ने कार में सवार चारों लोगों को तुरंत हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार दांगी और रूपेश कुमार यादव (दोनों चतरा निवासी) तथा हरेंद्र सिंह और दविंद्रपाल सिंह (दोनों पंजाब के जालंधर और शाहकोट निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये तस्कर चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र से अफीम खरीदकर उसे पंजाब ले जाने की फिराक में थे।

महंगे मोबाइल और नकद भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से अफीम के अलावा ओप्पो, आईफोन 14 प्रो मैक्स, वीवो और रेडमी कंपनी के चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। साथ ही पांच हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। SDPO ने बताया कि बरामद अफीम की बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। यह मामला साफ तौर पर दिखाता है कि अफीम तस्करों का नेटवर्क झारखंड से लेकर पंजाब तक फैला हुआ है।

2021 में भी पकड़े गए थे पंजाब के तस्कर

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2021 में भी चतरा में पंजाब के तस्करों की गिरफ्तारी हुई थी। एक बार फिर पंजाब कनेक्शन सामने आने से पुलिस इस पूरे नेटवर्क को गंभीरता से खंगाल रही है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुट गई है।

कई पुलिसकर्मी रहे शामिल

इस कार्रवाई में सदर थानेदार अवधेश सिंह, एसआई शमी अंसारी, मनीष कुमार, कासिम अंसारी, सशस्त्र बल के जवानों और चौकीदारों की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *