मोहिनी एकादशी पर राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भक्ति का महासंगम, गौ सेवा से बढ़ी आध्यात्मिक गरिमा
रांची : पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में मोहिनी एकादशी एवं गौ सम्मान दिवस श्रद्धा, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन से हुई। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु एवं राधा-कृष्ण का स्मरण करते हुए विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
गौ सम्मान दिवस के अवसर पर ट्रस्ट द्वारा संचालित गौ सेवा धाम में विशेष आयोजन किया गया। पंडित अरविंद पांडे के मंत्रोच्चार के बीच विधिवत गौ पूजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने गौ माता को हरा चारा, गुड़, फल आदि अर्पित कर सेवा की। गौशाला परिसर में सेवा और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस पावन अवसर पर राधा रानी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें उन्हें आकर्षक वस्त्रों और आभूषणों से सजाया गया। उनके दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्ति में डूबा नजर आया।
भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों ने माहौल को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया। श्रद्धालु भजन-संकीर्तन में लीन होकर प्रभु भक्ति में सराबोर हो गए।
पूजा-अर्चना के उपरांत भगवान को केसरिया पेड़ा, मेवा, फल और वेजिटेबल खिचड़ी का भोग लगाया गया। इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मोहिनी एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व भगवान विष्णु के मोहिनी अवतार से जुड़ा है। इस दिन व्रत, पूजा और दान करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संस्कार, सेवा, गौ संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं। श्रद्धालुओं की बड़ी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष और यादगार बना दिया।
