गढ़वा के केतार में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, 46 लोगों पर केस दर्ज

Garhwa : केतार थाना क्षेत्र के ताली गांव में जमीन विवाद को लेकर बड़ा बवाल हो गया। करीब 46 लोगों ने एकजुट होकर एक परिवार के घर पर हमला कर दिया, जिसमें महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हथियार लेकर घर में घुसे हमलावर
पीड़ित भरदुल साह के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी-डंडा, भाला, गड़ासा और यहां तक कि बंदूक लेकर घर में जबरन घुसकर हमला किया। इस दौरान उनकी बड़ी मां रुक्मणी देवी के साथ बदसलूकी की गई, बाल पकड़कर घसीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
रोक के बावजूद निर्माण, विरोध पर हमला
बताया जा रहा है कि विवादित जमीन पर पहले से प्रशासनिक रोक लगी हुई थी। इसके बावजूद दूसरे पक्ष ने वहां निर्माण शुरू कर दिया। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो उन पर पथराव और लाठियों से हमला कर दिया गया।
हमले में गंभीर चोटें, महिला भी जख्मी
इस हिंसा में भरदुल साह की आंख पर गंभीर चोट आई है, जबकि उनके भाई गांधू साह का दांत टूट गया और होंठ फट गया। बड़ी मां रुक्मणी देवी भी बुरी तरह घायल हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान सोने का झुमका भी छीन लिया गया। सभी घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
26 नामजद समेत 46 पर प्राथमिकी
पुलिस ने इस मामले में 26 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मिला है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
