Home

महिला थानेदार का कथित ऑडियो वायरल, युवक से गाली-गलौज और हड़काने का आरोप

Bokaro : बोकारो के चास थाना की प्रभारी सुषमा कुमारी का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। ऑडियो में थाना प्रभारी के व्यवहार और भाषा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि अभी तक इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सत्यता जांच के दायरे में है। जोहारलाइव भी इसकी सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

फोन पर बुलाया, फिर बिगड़ा लहजा

वायरल ऑडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि थाना प्रभारी ने एक युवक को फोन कर थाने बुलाया। युवक बार-बार कहता है कि वह डॉक्टर के पास है और सिर्फ 10 मिनट में पहुंच जाएगा। लेकिन दूसरी तरफ से कथित तौर पर बात करने का अंदाज काफी सख्त और आक्रामक बताया जा रहा है।

गाली-गलौज का आरोप, युवक करता रहा अनुरोध

ऑडियो में सुनाई दे रहा है कि युवक अपनी मजबूरी बताता रहा, लेकिन उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। आरोप है कि बातचीत के दौरान अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया गया। इसको लेकर सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जता रहे हैं और पुलिस के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं।

एसपी बोले- ऑडियो सही हुआ तो होगी कार्रवाई

बोकारो एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई होगी। आम लोगों के साथ गलत व्यवहार किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पूरे मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। जांच में वायरल ऑडियो की सच्चाई, समय और परिस्थिति की पड़ताल की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *