DCA प्रीमियर लीग: अभिग्यान सिंह की तूफानी पारी से रेलवे यूथ फाइनल में
रांची: रांची में धुर्वा क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित DCA प्रीमियर लीग के सेमीफाइनल मुकाबले में रेलवे यूथ ने रॉकमेंस क्रिकेट अकादमी को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और दर्शकों को शानदार क्रिकेट देखने को मिला।
मैच में टॉस जीतकर रॉकमेंस क्रिकेट अकादमी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी रेलवे यूथ की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 219 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के स्टार बल्लेबाज अभिग्यान सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 137 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक चौके-छक्के शामिल रहे। वहीं अंश मोर्या ने 45 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
219 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉकमेंस क्रिकेट अकादमी की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम दबाव में आ गई। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी और मुकाबला 30 रनों से हार गई। टीम की ओर से आकाश सिंह ने 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
गेंदबाजी में सूर्य ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट हासिल कर अहम भूमिका निभाई।
अभिग्यान सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। रेलवे यूथ की इस जीत के साथ टीम ने फाइनल में जगह बना ली है और खिताब जीतने की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं।
