रांची ट्रेड फेयर में उमड़ी भीड़, अंतिम दिन भारी छूट और ऑफर्स का मौका
Ranchi : रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का समापन सोमवार को होने जा रहा है। रविवार को छुट्टी के चलते मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और देर रात तक खरीदारी का दौर चलता रहा।
समापन से एक दिन पहले ही फेयर में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। दोपहर से ही लोग बड़ी संख्या में पहुंचने लगे और सभी स्टॉलों पर जमकर खरीदारी की। प्रवेश के लिए लंबी कतारें भी देखने को मिलीं, जबकि टिकट काउंटर पर भी लोगों की भीड़ लगी रही।
मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि ऐसे ट्रेड फेयर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि रांची में इस तरह के आयोजनों को हमेशा अच्छा प्रतिसाद मिलता है और भविष्य में यहां स्वदेशी मेले का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण उत्पादों को बाजार मिल सके और स्थानीय कलाकार आत्मनिर्भर बन सकें।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह ट्रेड फेयर रांची को एक नई पहचान दे रहा है। यहां लोगों को 12 देशों और 15 राज्यों के उत्पादों को एक ही स्थान पर देखने और खरीदने का अवसर मिला, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को लाभ हुआ।
मेले में हैंडीक्राफ्ट, लकड़ी के फर्नीचर, हैंडलूम, इलेक्ट्रॉनिक सामान, किचन उपकरण, खादी वस्त्र और गिफ्ट आइटम्स की खूब बिक्री हुई। साथ ही लोगों ने विभिन्न फूड स्टॉल्स का भी आनंद लिया।
इस दौरान “मॉम एंड किड्स फैशन शो” का भी आयोजन किया गया, जिसमें माताओं और बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक कर भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। इस कार्यक्रम ने दर्शकों का खासा मनोरंजन किया और पारंपरिक फैशन को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
कुल मिलाकर, ट्रेड फेयर के अंतिम दिनों में उमड़ी भीड़ और बढ़ती खरीदारी ने आयोजन को सफल बना दिया।
