रांची

झारखंड विधानसभा में जेटेट अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर सरकार पर विपक्ष का हमला

रांची, 17 मार्च । झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा मंगलवार को विधानसभा में जोरदार तरीके से उठा। विपक्ष ने इस मामले को लेकर सरकार को घेरा और कार्रवाई पर सवाल उठाए।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जेटेट परीक्षा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब सरकार समय पर परीक्षा आयोजित नहीं करेगी, तो युवाओं का सड़कों पर उतरना स्वाभाविक है।

मरांडी ने सरकार से सवाल किया कि आखिर कब तक पिछली सरकार को दोष दिया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों से राज्य में यही सरकार है, फिर भी व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।

मामले पर जवाब देते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि जेटेट परीक्षा को लेकर उच्च न्यायालय ने 31 मार्च तक का समय दिया है और सरकार न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि पूर्व में सिस्टम में खामियां थीं, जिन्हें अब दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है और आगे परीक्षाएं समय पर आयोजित की जाएंगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *