रांची

रांची में मारवाड़ी महिला मंच का 18वां बसंत मेला 17 से 19 मार्च तक, महापौर रोशनी खलखो करेंगी उद्घाटन

रांची, 16 मार्च । अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंच, रांची शाखा की ओर से 18वां बसंत मेला 17 मार्च से 19 मार्च तक महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित किया जा रहा है। मेले की संयोजिका अनुसूया नेवटिया और सह संयोजिका अलका सरावगी ने सोमवार को संयुक्त प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मेले की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मेले का उद्घाटन मेयर रौशनी खलखो 17 मार्च को करेंगी। मेले का प्रवेश शुल्क 10 रुपये है और यह सुबह 10:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक खुला रहेगा।

उद्घाटन अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरा बथवाल, पूर्व प्रादेशिक अध्यक्ष रूपा अग्रवाल, मंजू लोहिया, मीडिया प्रभारी रीना सुरेखा, शाखा अध्यक्ष मधु सर्राफ, शाखा सचिव उर्मिला पाड़िया, शाखा कोषाध्यक्ष शशी डागा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी रहेगी।

संयोजकों ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य समाज की ऐसी महिलाओं को एक मंच पर लाना है, जो आत्मनिर्भर बनने के लिए काम कर रही हैं। मेले में कुल 45 स्टॉल लगाए गए हैं और हर स्टॉल का आवंटन पूरा हो चुका है। इन स्टॉलों पर महिलाएं अपने हस्तशिल्प उत्पाद, सजावटी सामान, श्रृंगार सामग्री, कलात्मक बेडशीट, टेबल कवर आदि प्रदर्शित करेंगी।

महिलाएं अपने घरों में बनाए गए बड़ी, मुंगौड़ी, पापड़, अचार, मुरब्बे, शरबत जैसी खाद्य सामग्रियां भी मेले में उपलब्ध कराएंगी। रांची, चक्रधरपुर, जमशेदपुर, कोलकाता, गिरिडीह, लोहरदगा सहित अन्य स्थानों से भी स्टॉल लगेंगी, जिसमें वे अपने-अपने क्षेत्र के विशेष उत्पादों को प्रदर्शित करेंगी।

मेला महिलाओं की कला, शिल्प और उद्यमिता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *