रांची में दो दिवसीय पलाश एक्टिंग वर्कशॉप का भव्य शुभारंभ : झारखंड के कलाकारों में अपार संभावनाएं – रौशनी खलखो

रांची। एचबी रोड स्थित एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो में शनिवार, 14 मार्च 2026 को सामाजिक संस्था समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट एवं एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के संयुक्त तत्वावधान में तथा रिलेसन्स के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय पलाश एक्टिंग वर्कशॉप का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में शहर के कई प्रमुख अतिथियों, कला प्रेमियों तथा युवा प्रतिभागियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण कला और उत्साह से सराबोर दिखा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रांची की महापौर श्रीमती रौशनी खलखो ने दीप प्रज्वलित कर वर्कशॉप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि झारखंड कलाकारों की धरती है और यहां की मिट्टी में कला, संस्कृति और रचनात्मकता रची-बसी है। उन्होंने कहा कि झारखंड के कलाकारों में असीम प्रतिभा है और यदि उन्हें सही मंच, उचित प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे रांची से लेकर मुंबई तक अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं।
महापौर ने आगे कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराएं, विविध बोली-भाषाएं, लोकनृत्य और लोकसंगीत यहां के कलाकारों को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। यहां के युवाओं में अभिनय और रचनात्मक कलाओं के प्रति विशेष रुचि देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की वर्कशॉप न केवल प्रतिभाओं को निखारने का माध्यम बनती हैं, बल्कि युवाओं को बड़े मंचों तक पहुंचने के लिए प्रेरित भी करती हैं। आने वाले समय में झारखंड के कलाकार राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रांची जिला खेल पदाधिकारी श्री शिवेंद्र कुमार सिंह, डीआरडीओ डॉ. ऋतुराज, रिलेसन्स के निदेशक अशुतोष द्विवेदी, एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के निदेशक आकाश दीप तथा युवा नाटक संगीत एकेडमी के निदेशक ऋषिकेश लाल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को कला, अभिनय और रंगमंच से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और रचनात्मकता का संचार करते हैं।
इस अवसर पर समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आनंद केडिया, उमेश केडिया, स्मिता केडिया सहित कई सामाजिक, सांस्कृतिक एवं कला क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
वर्कशॉप के पहले दिन प्रतिभागियों को अभिनय की मूलभूत और उन्नत तकनीकों से परिचित कराया गया।
प्रशिक्षण सत्र में बॉडी लैंग्वेज, वॉइस मॉड्यूलेशन, इमोशनल एक्सप्रेशन, स्टेज प्रेजेंस, स्वयं का प्रभावी परिचय देना, मंच पर चलने की शैली, अभिनय से जुड़े रचनात्मक गेम, ट्रस्ट एक्सरसाइज, सोलो डांस सर्कल सहित कई गतिविधियों के माध्यम से अभिनय की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि अभिनय केवल संवाद बोलने की कला नहीं है, बल्कि भाव, अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास, शरीर की भाषा और आवाज़ के संतुलित प्रयोग का समन्वय है। इन अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को मंच और कैमरे के सामने सहज, आत्मविश्वासी और प्रभावशाली प्रस्तुति देने के लिए तैयार किया जा रहा है।
इस दो दिवसीय वर्कशॉप में रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से सैकड़ों बच्चे और युवा कलाकार उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में कला, रचनात्मकता और सीखने का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के विद्यार्थी अथर्व सिन्हा, बादल कुमार, विनय माथुर, रोहित नायक, सुन्दरम, सौरव कुमार, रितिका कुमारी, गुरूचरण प्रसाद समेत कई प्रतिभागी उपस्थित थे।
कार्यक्रम से संबंधित जानकारी अमन द्वारा दी गई।
