रांची

महिला पंचायत सचिव 8 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी ने विशुनपुर ब्लॉक से रंगेहाथ पकड़ा

रिश्वत

Ranchi/Gumla : एसीबी रांची की टीम ने गुरुवार को गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला पंचायत सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को 8 हजार रुपये घूस लेते एसीबी की टीम ने पकड़ लिया। मिली जानकारी के अनुसार गुमला जिले के विशुनपुर थाना क्षेत्र के चट्टी सेरका पंचायत निवासी परमेश्वर सिंह ने एसीबी रांची में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि ग्राम सभा द्वारा उनकी जमीन पर कुएं की मरम्मत के लिए उन्हें चयनित किया गया था। कुएं की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद जब शेष राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू हुई तो पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो ने बिल पास कराने और बाकी राशि निकलवाने के एवज में 8 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

परमेश्वर सिंह रिश्वत देकर अपना काम नहीं कराना चाहते थे। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रांची से की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। इसके बाद पंचायत सचिव एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। मांगी गयी रकम परमेश्वर सिंह को देकर पंचायत सचिव के पास भेजा गया। गुरुवार को जैसे ही पंचायत सचिव ने परमेश्वर सिंह से 8 हजार रुपये अपने हाथों में लिये, वहां मौजूद एसीबी की टीम उसे रंगेहाथों दबोच लिया। एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2026 में रांची एसीबी का यह छठा ट्रैप केस है। गिरफ्तार महिला पंचायत सचिव के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *