रांची में रंग पंचमी पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर में भक्ति और उल्लास, हजारों श्रद्धालुओं ने किया महाप्रसाद ग्रहण
रांची: फाल्गुन रंग पंचमी के अवसर पर Shri Krishna Pranami Seva Dham Trust द्वारा संचालित Shri Radha Krishna Pranami Mandir Pundag में रंग पंचमी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन डॉ. संत शिरोमणी स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार वृंदावन से मंगाए गए आकर्षक परिधानों और जड़ित आभूषणों से किया गया। अलौकिक श्रृंगार की छटा देखते ही बन रही थी। रंग-गुलाल और पुष्पों की सुगंध से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा। मंदिर में आए श्रद्धालुओं को अबीर-गुलाल का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
उत्सव के दौरान श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा के तहत 256वें महाप्रसाद का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे ने विधिवत भोग लगाया, जिसके बाद वेजिटेबल खिचड़ी का प्रसाद लगभग 2 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
इसके बाद आयोजित भजन संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों ने रंग पंचमी पर आधारित मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। “श्री राधा-कृष्ण” के जयकारों से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक रूप से महाआरती की गई।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा और लगभग 6 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12:30 से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें करीब 500 श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, पूरणमल सर्राफ, मधुसूदन जाजोदिया, अरविंद अग्रवाल, अंजनी अग्रवाल, विष्णु सोनी, सुरेश भगत, पवन पोद्दार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
