जामताड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी : ह’त्या, डकैती और लूट में शामिल सात अपराधियों को दबोचा

Jamtara : जामताड़ा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बीते 22 फरवरी को जिला मुख्यालय से सटे धर्मपुर गांव में हुई फुरकान अंसारी की जघन्य हत्या समेत कई लूट और डकैती की घटनाओं का पुलिस ने एक साथ खुलासा कर दिया है। मंगलवार की शाम जिला पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने पूरे मामले की जानकारी दी।
फुरकान की हत्या से खुली कई कांडों की परत
एसपी ने बताया कि 22 फरवरी को हुई हत्या के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लगोरी के नेतृत्व में एसआईटी टीम बनाई गई थी। टीम ने तेजी से जांच शुरू की। सबसे पहले हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान की गई। इसके बाद एक-एक कर अपराधियों तक पुलिस पहुंचती गई और आखिरकार सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। पता चला कि पिछले कई महीनों से जिले में जितनी भी बड़ी लूट, डकैती और हत्या की घटनाएं हुईं, उनमें इसी गिरोह का हाथ था।
मुखबिरी के शक में दी गई थी सुपारी
पुलिस के मुताबिक, फुरकान अंसारी की हत्या उड़ीसा में हुए एक डकैती कांड से जुड़ी हुई है। अपराधियों को शक था कि डकैती के बाद फुरकान ने उड़ीसा पुलिस को उनके बारे में जानकारी दे दी थी। इसी शक में उसकी हत्या की सुपारी दी गई और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
ये हैं मुख्य आरोपी
फुरकान हत्याकांड में आसिफ अंसारी उर्फ लंबू, हारुन अंसारी, इसराफिल अंसारी, समसुल अंसारी और सफाउल अंसारी की मुख्य भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार इन सभी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और कई थानों में इनके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। सीएसपी संचालक से लूट के मामले में अजमुल अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं एक अन्य लूट कांड में फरार चल रहे बलमा को भी पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है।
हथियार और बाइक बरामद
गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने दो देशी पिस्तौल जिनमें 7.85 बोर का मैगजीन लोडेड था, एक 9 एमएम पिस्टल, दो बाइक और आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन मोबाइल फोन से और भी कई राज खुल सकते हैं।
एसआईटी टीम ने ऐसे सुलझाई गुत्थी
जांच के लिए बनाई गई एसआईटी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन, साकेत प्रताप देव, विनय कुमार यादव, कर्माटांड़ थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी, विकास कुमार तिवारी, अजय कुमार, संतोष कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने लगातार छापेमारी कर इस गिरोह की कमर तोड़ दी।
पुलिस की चेतावनी
एसपी ने साफ कहा कि जिले में अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी पुलिस ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। जामताड़ा में इस खुलासे के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। लगातार हो रही वारदातों से डरे लोग अब पुलिस की कार्रवाई से कुछ हद तक आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
