रांची में 2–3 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय चुनाव सम्मेलन, मतदाता पंजीकरण पर जुटेंगे देश-विदेश के विशेषज्ञ

Ranchi : झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची के विषय पर 2 और 3 सितंबर को रांची में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय और झारखंड के मुख्य निर्वाचन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में होगा। सोमवार को निर्वाचन सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने सम्मेलन की आधिकारिक वेबसाइट www.icvrvr.org और ब्रोशर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में आईआईएम रांची, एनयूएसआरएल रांची और सेंट जेवियर्स कॉलेज रांची ज्ञान साझेदार के रूप में जुड़ेंगे। ये सभी संस्थान शैक्षणिक और शोध सहयोग प्रदान करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य विभिन्न लोकतांत्रिक देशों, देश के विश्वविद्यालयों, शिक्षाविदों और चुनाव प्रबंधन विशेषज्ञों के विचारों को एक मंच पर लाकर मतदाता पंजीकरण और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करना है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 21 से 23 जनवरी तक भारत मंडपम में आयोजित आईआईसीडीईएम अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं चुनाव प्रबंधन सम्मेलन 2026 के दौरान झारखंड की ओर से प्रस्तुत व्याख्यान को विभिन्न देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के प्रतिनिधियों ने सराहा था।
प्रेस वार्ता में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुबोध कुमार, प्रशिक्षण नोडल अधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन अधिकारी धीरज ठाकुर, आईआईएम रांची के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुभ्रा रजत बलबंतरे, एनयूएसआरएल रांची के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आनंदकुमार आर. शिंदे, डॉ. बी.के. सिन्हा और सेंट जेवियर्स कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. आशुतोष कुमार पांडे मौजूद थे।
