रांची

रांची में देह व्यापार का खुलासा, महिला सरगना सहित आठ चढ़े पुलिस के हत्थे

देह व्यापार

Ranchi : राजधानी रांची में बड़े पैमाने पर चल रहे देह व्यापार के रैकेट का पुलिस ने रविवार को भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर एक साथ कई थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने महिला सरगना समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में छह से अधिक युवतियां और ग्राहक शामिल हैं। रांची एसएसपी राकेश रंजन को यह सूचना मिली थी कि शहर के लालपुर, चुटिया और आसपास के इलाकों में संगठित तरीके से देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया और एक साथ कई जगहों पर छापेमारी का निर्देश दिया।

महिला थी रैकेट की सरगना

छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिस महिला को गिरफ्तार किया है, वही इस पूरे रैकेट की मुख्य सरगना बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह महिला पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से लड़कियों को रांची बुलाकर होटलों और किराए के मकानों में रखती थी और गुप्त तरीके से ग्राहकों तक पहुंचाती थी। सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार महिला का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुकी है। पुलिस को शक है कि इस रैकेट में दो दर्जन से अधिक लड़कियां शामिल थीं।

कई थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई

पुलिस ने लालपुर, चुटिया सहित अन्य थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई होटलों और किराए के मकानों की जांच की गई। मौके से युवतियों और ग्राहकों को हिरासत में लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क काफी गुप्त तरीके से संचालित किया जा रहा था। ग्राहकों से संपर्क सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के जरिए किया जाता था। फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *