रांची

लेवी-फायरिंग करने वालों की अब खैर नहीं, DGP ने दिया कड़ा अल्टीमेटम

डीजीपी

Ranchi : झारखंड में बढ़ते आपराधिक मामलों, खासकर लेवी वसूली, फायरिंग और धमकी जैसी घटनाओं को लेकर डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शनिवार को गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने पुलिस मुख्यालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों को अब बख्शा नहीं जाएगा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

अपराधियों की गिरफ्तारी और डिजिटल निगरानी पर जोर

बैठक में डीजीपी ने कहा कि संगठित अपराधी जिस तरह से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, वह चिंता का विषय है। उन्होंने सभी जिलों के एसएसपी/एसपी को फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, नक्सल विरोधी अभियानों को तेज करने और डिजिटल निगरानी को मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को अपराधियों की गिरफ्तारी पर पुरस्कृत करने की भी बात कही। डीजीपी ने फरार अपराधियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई तेज करने और प्राप्त आसूचनाओं का तत्काल सत्यापन करने के निर्देश दिए। साथ ही जमानत पर रिहा उग्रवादियों और अपराधियों पर विशेष निगरानी रखने की भी हिदायत दी।

नक्सल विरोधी अभियान और आत्मसमर्पण नीति

बैठक में डीजीपी ने झारखंड के वर्तमान नक्सल परिदृश्य का भी जायजा लिया। उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों को और तेज करने के साथ-साथ आत्मसमर्पण नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।

गंभीर अपराधों की समीक्षा और कठोर कार्रवाई

डीजीपी ने लूट, हत्या, चोरी, डकैती, दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट, साइबर अपराध और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों की समीक्षा करने और यथाशीघ्र वांछित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक और क्षेत्रीय उप-महानिरीक्षक को प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने, पुलिस कर्मियों को दिशा-निर्देश देने और उग्रवाद से जुड़े कांडों की समीक्षा कर आवश्यक आदेश जारी करने का जिम्मा सौंपा।

पुलिस अधिकारियों की भागीदारी

समीक्षा बैठक में एडीजी अभियान टी. कंदसामी, एडीजी सीआईडी मनोज कौशिक, आईजी सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह, स्पेशल ब्रांच के आईजी प्रभात कुमार, आईजी अभियान डॉ. माइकल राज और आईजी एसटीएफ अनूप बिरथरे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा, चतरा और पलामू के पुलिस अफसर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *