नगर निकाय चुनाव के दिन झारखंड में बंद रहेंगी कूरियर सेवाएं

Ranchi : झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर एक अहम फैसला लिया गया है। झारखंड कूरियर एसोसिएशन ने घोषणा की है कि सोमवार यानी 23 फरवरी को पूरे राज्य में कूरियर सेवाएं बंद रहेंगी। यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि कूरियर से जुड़े कर्मचारी और संचालक आराम से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
अध्यक्ष की अगुवाई में हुई अहम बैठक
शनिवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम मित्तल की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में निकाय चुनाव के दिन कूरियर सेवाओं को लेकर चर्चा की गई। लंबी बातचीत और विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि मतदान वाले दिन राज्य के सभी कूरियर कार्यालय बंद रहेंगे। एसोसिएशन का कहना है कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
“मतदान सबसे बड़ा अधिकार” – प्रेम मित्तल
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष प्रेम मित्तल ने सभी कूरियर संचालकों और कर्मचारियों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट देना हमारा सबसे बड़ा अधिकार और जिम्मेदारी है। अपनी सरकार चुनने के लिए हर व्यक्ति को मतदान जरूर करना चाहिए। उन्होंने झारखंडवासियों से भी अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं।
ये लोग रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसोसिएशन के कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे। इनमें प्रेम मित्तल (अध्यक्ष), प्रदीप राजगड़िया, सुरेश शर्मा, दीपक कुमार पंकज, गंगेश ठाकुर, मिश्रा जी, अमरेन्द्र पप्पू और राजीव सिंह शामिल थे।
