गुमला

रिश्वत कांड में ACB का शिकंजा, एक महीने से फरार SI गिरफ्तार

ACB

Gumla : भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्यवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने चैनपुर थाना के एसआई अशोक कुमार को गुमला से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रांची ले जाया गया, जहां पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

शैलेश कुमार की गिरफ्तारी के बाद जांच में आया नाम

जानकारी के मुताबिक, लगभग एक महीने पहले ही एसीबी ने चैनपुर थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी शैलेश कुमार को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया था। शैलेश उस समय केवल तीन दिन से थाना प्रभारी के पद पर तैनात थे। इस मामले में एसआई अशोक कुमार की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। प्रारंभिक जांच में उनके संलिप्त होने के संकेत मिलने के बाद एसीबी ने उनकी तलाश शुरू कर दी।

एक महीने से था फरार, गुमला में दबोच लिया

एसआई अशोक कुमार गिरफ्तारी के डर से करीब एक महीने से फरार थे। एसीबी की टीम को गुप्त सूचना मिली और उन्होंने गुमला में छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया।

रांची में पूछताछ, जुटाईं अहम जानकारियां

गिरफ्तारी के बाद औपचारिक पूछताछ के लिए उन्हें रांची लाया गया। पूछताछ के दौरान भ्रष्टाचार से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस महकमे में हड़कंप, विभागीय समीक्षा

एसीबी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। विभागीय स्तर पर भी मामले की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। अगर जांच में और नाम सामने आते हैं, तो आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *