रांची

नगर निकाय चुनाव : कल शाम से थमेगा प्रचार, 23 को डाले जाएंगे वोट

चुनाव

Ranchi : झारखंड में नगर निकाय चुनाव अब अपने अंतिम चरण पर पहुंच चुका है। मतदान 23 फरवरी को होना है, जबकि 22 फरवरी को सभी नगर निकायों में मतदान कर्मियों को चुनावी सामग्री के साथ डिस्पैच किया जाएगा। यानी अब तैयारियां पूरी रफ्तार में चल रही हैं और प्रशासन कोई भी ढिलाई नहीं बरतना चाहता।

21 फरवरी शाम 5 बजे थमेगा चुनाव प्रचार

चुनाव प्रचार 21 फरवरी की शाम 5 बजे पूरी तरह बंद हो जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी सिर्फ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। लाउडस्पीकर और भोंपू से होने वाले शोर-शराबे पर भी रोक लग जाएगी, जिससे आम लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।

रांची नगर निगम में तैयारियों का निरीक्षण
रांची नगर निगम क्षेत्र में तैयारियों का जायजा लेने के लिए सामान्य प्रेक्षक संदीप कुमार दोराईबुरु ने सामग्री कोषांग का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की उपलब्धता, पैकेजिंग, लेबलिंग, सीलिंग और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था को बारीकी से देखा। प्रेक्षक ने साफ निर्देश दिया कि मतदान दलों को दिए जाने वाले किट की तैयारी पूरी तरह व्यवस्थित हो। स्टेशनरी सामग्री की पैकिंग ठीक से हो और हर मतदान केंद्र के लिए सामग्री का सही तरीके से वितरण सुनिश्चित किया जाए।

चेकलिस्ट के आधार पर होगा सत्यापन

संदीप कुमार दोराईबुरु ने कहा कि डिस्पैच के दिन किसी तरह की अफरातफरी न हो, इसके लिए चेकलिस्ट के आधार पर सत्यापन अनिवार्य किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता, तालमेल और समय पर कार्रवाई जरूरी है। इस दौरान वरीय पदाधिकारी कार्मिक कोषांग सह उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने सामग्री के रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान दलों को सामग्री देने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।

वाहनों की जब्ती और डिस्पैच की तैयारी

मतदान कर्मियों को डिस्पैच सेंटर से उनके संबंधित मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए सभी जिलों में परिवहन कार्यालय की ओर से वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बड़ी संख्या में वाहनों को तय स्थानों पर लाकर खड़ा किया जा रहा है, ताकि 22 फरवरी को मतदान कर्मियों को चुनावी किट और आवश्यक खाद्य सामग्री देकर रवाना किया जा सके।

शांतिपूर्ण मतदान का भरोसा

जिला प्रशासन का कहना है कि मतदान से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। कोशिश यही है कि 23 फरवरी को मतदान शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। अब सबकी नजर 23 फरवरी पर टिकी है, जब मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर नगर निकायों की नई तस्वीर तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *