रामगढ

ज्वेलरी कारोबारी से लूटकांड का खुलासा, सरगना समेत चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार व जेवर बरामद

भेड़ा पुल

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिला के गोला थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूटी गई नकदी, सोने के आभूषण, हथियार और घटना में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किए हैं।

ओवरटेक कर हथियार के दम पर की गई थी लूट

जानकारी के अनुसार, रजरप्पा थाना क्षेत्र के जामुन टोला निवासी बिहारी प्रसाद स्वर्णकार गोला बाजार में “बिहारी ज्वेलर्स” नाम से दुकान चलाते हैं। 4 फरवरी की शाम करीब 6 से 6:15 बजे वे दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से सुकरीगढ़ा गांव जा रहे थे। इसी दौरान भेड़ा पुल के पास रॉयल एनफील्ड बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और हथियार दिखाकर करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद गोला थाना में कांड संख्या 18/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष जांच टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए हजारीबाग जिले के केरेडारी निवासी 21 वर्षीय दीपक कुमार को रांची से गिरफ्तार किया।

निशानदेही पर हथियार, जेवर और वाहन बरामद

दीपक कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा, 8 एमएम की एक गोली, सोने जैसी कान की बाली, एक पल्सर मोटरसाइकिल और घटना में इस्तेमाल रॉयल एनफील्ड मेटिओर 350 बरामद की। इसके बाद पुलिस ने चरही थाना क्षेत्र से गिरोह के सरगना मो. सद्दाम उर्फ छोटू उर्फ मास (30), ऐनुल अंसारी (27) और मोईन अंसारी (30) को गिरफ्तार किया।
इन आरोपियों के पास से सात जोड़ी कान की बालियां, दो जोड़ी चेन, चार मंगलसूत्र और एक ऑल्टो कार भी जब्त की गई।

सरगना पर कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य सरगना मो. सद्दाम है, जिसके खिलाफ बोकारो, रांची और रामगढ़ जिलों में लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपी भी पहले विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।

सभी आरोपियों को भेजा जाएगा न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने बताया कि बरामद सामान में देशी कट्टा, गोली, कुल आठ जोड़ी सोने जैसी बालियां, दो जोड़ी चेन, चार मंगलसूत्र, चार मोबाइल फोन, एक ऑल्टो कार, एक पल्सर बाइक और रॉयल एनफील्ड बाइक शामिल हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

छापेमारी अभियान में एसडीपीओ चंदन कुमार वत्स, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *