बोकारो

महाशिवरात्रि पर चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा, IG बोकारो ने VC में दिए सख्त निर्देश

IG

Bokaro : महाशिवरात्रि को लेकर बोकारो प्रक्षेत्र की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को जोनल IG सुनील भास्कर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी DIG और SP के साथ तैयारी की समीक्षा की। बैठक में साफ कहा गया कि पर्व के दौरान कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हर जिले को अपनी तैयारी पुख्ता रखने का निर्देश दिया गया है।

मंदिरों और संवेदनशील इलाकों में रहेगी अतिरिक्त तैनाती
IG सुनील भास्कर ने कहा कि हर जिले में शिव मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए। खासकर जिन इलाकों को संवेदनशील या अतिसंवेदनशील माना गया है, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। पुलिसकर्मी लाठी, हेलमेट और शील्ड जैसे सुरक्षा उपकरणों के साथ ड्यूटी पर रहेंगे।

क्यूआरटी रहेगी पूरी तरह तैयार
संवेदनशील जगहों पर क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी क्यूआरटी की तैनाती अनिवार्य होगी। टीम के पास दंगारोधी उपकरण, स्टन ग्रेनेड, टीयर गैस शेल और रबर या प्लास्टिक बुलेट उपलब्ध रहेंगे। जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

ड्यूटी से पहले ब्रीफिंग जरूरी
जो भी पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात किए जाएंगे, उन्हें पहले से उनके दायित्वों के बारे में स्पष्ट ब्रीफिंग दी जाएगी। पिछली घटनाओं की समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि इस बार कोई दोहराव न हो।

साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों पर खास नजर
जहां अलग-अलग समुदाय के लोग साथ रहते हैं, उन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। पहले जिन लोगों की भूमिका साम्प्रदायिक घटनाओं में सामने आई थी, उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कर बाउंड डाउन करने का निर्देश दिया गया है।

शराब और अवैध कारोबार पर सख्ती
पर्व के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही अवैध शराब के कारोबार में लगे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शाम से ही सघन गश्ती
IG ने निर्देश दिया कि आज शाम से ही सभी जिलों में सघन गश्ती शुरू कर दी जाए। पेट्रोलिंग के दौरान वाहन जांच और एंटी क्राइम चेकिंग होगी और उसकी एंट्री ‘रक्षक ऐप’ में दर्ज की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि जांच के दौरान बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

शिव बारात मार्ग का भौतिक सत्यापन
जहां-जहां शिव बारात निकलेगी, उस मार्ग का पहले भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। रास्ते में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों को चिन्हित कर वहां दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और पर्याप्त बल की तैनाती की जाएगी।

शांति समिति की बैठक अनिवार्य
सभी थानों को आयोजन समिति के सदस्यों के साथ शांति समिति की बैठक करने का निर्देश दिया गया है। मकसद यही है कि पर्व आपसी सहयोग और शांति के माहौल में संपन्न हो।

फ्लैग मार्च और ड्रोन से निगरानी
भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कराया जाएगा। ड्रोन और वीडियो कैमरों से निगरानी की जाएगी और इसकी वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर भी साझा की जाएगी, ताकि लोगों को पता रहे कि पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।

सोशल मीडिया पर पैनी नजर
तकनीकी शाखा और सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है। अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखी जाएगी। संबंधित ग्रुप एडमिन की जानकारी भी संधारित की जाएगी ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

कंट्रोल रूम रहेगा पूरी तरह सक्रिय
जिले के कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। किसी भी सूचना पर तुरंत वरीय अधिकारियों और राज्य नियंत्रण कक्ष को जानकारी दी जाएगी। शिव बारात किस जगह से निकली, किस समय और फिलहाल कहां तक पहुंची है, इसकी पूरी अपडेट कंट्रोल रूम के पास होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *