बोकारो

बोकारो में नकली विदेशी शराब का बड़ा भंडाफोड़, चुनाव–होली से पहले 1800 बोतल जब्त

शराब

Bokaro : बोकारो में निकाय चुनाव और होली से पहले नकली शराब के धंधे पर जोरदार चोट की गई है। उत्पाद विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर जरीडीह थाना क्षेत्र के रोरिया गांव (टोला तिलायतंड) में छापेमारी कर एक मकान में चल रही नकली विदेशी शराब की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। बुधवार देर शाम हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

घर के अंदर चल रही थी पूरी फैक्ट्री

छापेमारी के दौरान टीम को घर के भीतर ही नकली शराब बनाने का पूरा सेटअप मिला। अलग-अलग ब्रांड की कुल 1800 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 534.600 लीटर बताई जा रही है। जब्त ब्रांड्स में मैकडॉवेल, स्टर्लिंग बी7, रॉयल स्टैग, आइकोनिक वाइट और रॉयल चैलेंज शामिल हैं। देखने में ये बोतलें बिल्कुल असली जैसी लग रही थीं, लेकिन जांच में साफ हो गया कि ये सब नकली तरीके से तैयार की गई थीं।

900 लीटर स्पिरिट और भारी मात्रा में सामान बरामद

टीम को मौके से 18 जर्किन में करीब 900 लीटर स्पिरिट भी मिली। इसके अलावा बड़ी संख्या में नकली ईएएल (Excise Adhesive Label), अलग-अलग ब्रांड के स्टीकर, ढक्कन, खाली बोतलें और कारमेल मिक्सर भी जब्त किए गए। यानी साफ है कि यहां सिर्फ बोतल भरने का काम नहीं, बल्कि पूरी तरह से ब्रांडेड शराब की नकल तैयार की जा रही थी। त्योहार और चुनाव के समय ज्यादा खपत का फायदा उठाने की तैयारी थी।

चुनाव और होली को लेकर सख्ती

उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नगरपालिका आम चुनाव 2026 और होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर विशेष नजर रखी जा रही है। त्योहारों के समय नकली शराब की खपत बढ़ जाती है, जिससे लोगों की सेहत और कानून व्यवस्था दोनों पर खतरा रहता है। इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है, जिसे विभाग बड़ी सफलता मान रहा है।

तीन लोगों पर केस दर्ज

इस मामले में कुंडोरी निवासी राजा बाबू, बस्तेजी निवासी संतोष मुर्मू और रोरिया निवासी दुर्गा चरण हँसदाह के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस और उत्पाद विभाग आगे की जांच में जुटे हैं। संभावना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।

छापेमारी टीम में कौन-कौन रहे शामिल

इस कार्रवाई में सन्नी विवेक तिर्की (एसआई उत्पाद, तेनुघाट) और महेश दास (एसआई उत्पाद, चंद्रपुरा सह बेरमो अंचल) की अहम भूमिका रही। इनके साथ उत्पाद बल की टीम भी मौजूद थी। उत्पाद विभाग ने साफ कहा है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। चुनाव और त्योहार के दौरान विशेष चौकसी बरती जाएगी ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *