जामताड़ा

मिहिजाम में बोर्ड परीक्षा पर सख्ती, एसडीएम अनंत कुमार ने किया औचक निरीक्षण

एसडीएम

Jamtara : मैट्रिक परीक्षा 2026 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सोमवार को डीसी के निर्देश पर जामताड़ा के एसडीएम अनंत कुमार अचानक मिहिजाम क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। उनका मकसद साफ था, परीक्षा हर हाल में शांतिपूर्ण और नकलमुक्त हो। एसडीएम ने बेसिक स्कूल मिहिजाम, प्रोजेक्ट गर्ल्स उच्च विद्यालय मिहिजाम और राजकीय प्लस टू विद्यालय मिहिजाम स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। अचानक पहुंचे अधिकारी को देख केंद्रों पर तैनात कर्मियों में हलचल जरूर दिखी, लेकिन व्यवस्था संतुलित रही। उन्होंने एक-एक कमरे में जाकर परीक्षा की स्थिति देखी। परीक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से जांचा।

प्रवेश से पहले सख्त जांच के निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनंत कुमार ने साफ कहा कि किसी भी हाल में नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा भवन में प्रवेश से पहले छात्रों की ठीक से जांच की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि छोटी सी लापरवाही भी पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा कर सकती है, इसलिए सभी लोग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।

व्यवस्था दुरुस्त, नहीं मिली कोई शिकायत

निरीक्षण के दौरान किसी भी केंद्र पर अव्यवस्था, अनुशासनहीनता या नकल की कोई शिकायत सामने नहीं आई। परीक्षा शांत माहौल में चलती दिखी। छात्र-छात्राएं भी नियमों का पालन करते नजर आए। मौके पर संबंधित केंद्रों के दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक और वीक्षक मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इसी तरह औचक निरीक्षण जारी रहेगा ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *