रांची

नगर निकाय चुनाव : नामांकन जांच के बाद 424 आवेदन रद्द, 6,555 प्रत्याशी मैदान में

निकाय

Ranchi : झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। गुरुवार को निर्वाची पदाधिकारियों ने सारी दाखिल प्रविष्टियों की गहन जांच की, जिसमें कुल 424 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए। इनमें 76 नामांकन नगर निगमों के महापौर और नगर परिषद व नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए थे। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों में 348 प्रत्याशियों के आवेदन रद्द हुए हैं।

नाम वापसी आज शाम तक

नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब कुल 6,555 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। इनमें 598 प्रत्याशी महापौर और अध्यक्ष पद के लिए हैं, जबकि 5,957 प्रत्याशी वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, प्रत्याशी आज यानी शुक्रवार शाम तीन बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि किन-किन निर्वाचन क्षेत्रों में मुकाबला होगा और कहां निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनेगी।

महिलाओं की मजबूत भागीदारी

नामांकन जांच के बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों में महिलाओं की संख्या भी काफी है। कुल 6,555 प्रत्याशियों में से 3,229 महिलाएं हैं। इनमें 251 महिलाएं महापौर व अध्यक्ष पद के लिए और 2,978 महिलाएं वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। नगर निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ अब सभी की नजरें नाम वापसी की अंतिम तारीख पर टिकी हुई हैं। इसके बाद ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *