खेलरांची

मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का उद्घाटन : मीडिया लोकतंत्र की रीढ़ – राज्यपाल

रांची। माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि मीडिया समाज का सजग प्रहरी है और लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ भी है। पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनचेतना को जागृत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का आधार है। वे मंगलवार को रांची प्रेस क्लब की ओर से जे.के. इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी, अगरु, रातू में आयोजित “मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट–2026” के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल ने कहा कि मीडिया से जुड़े साथी दिन-रात परिश्रम कर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया कप जैसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होते, बल्कि आपसी सौहार्द, समन्वय और आत्मीयता को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट धैर्य, रणनीति और टीम वर्क का महत्व सिखाता है। हाल ही में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद के दौरान भी झारखंड में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाओं पर चर्चा हुई थी। यदि कम उम्र से प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले, तो राज्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है।

राज्यपाल ने कहा कि खेलों के विकास में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जब मीडिया किसी खिलाड़ी की उपलब्धि को प्रमुखता देता है, तो वह हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन जाती है और नई प्रतिभाओं को पहचान मिलती है। उन्होंने पत्रकारों से अपने पुराने और आत्मीय संबंधों का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने हाल ही में संपन्न रांची प्रेस क्लब चुनाव में निर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी तथा खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *