देश

राहुल गांधी ने संसद परिसर में नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक दिखलाते हुए सत्ता पक्ष पर निशाना साधा

नई दिल्ली, 04 फ़रवरी । विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को संसद के बाहर पूर्व सेना अध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक दिखलाते हुए सत्ता पक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कथित तौर पर चीन के साथ साल 2020 में सैन्य तनातनी के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर पुस्तक में दिए विवरण को आधार बनाया और सरकार पर मुश्किल समय में सेना का साथ छोड़ने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी संसद के मकर द्वार के बाहर नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक की प्रति दिखलते हुए कहा कि भारत के हर युवा को यह किताब देखनी चाहिए। इसमें उन्होंने लद्दाख का पूरा ब्योरा दिया है। लोकसभा में उन्हें इसी किताब में कही बातों को रखने नहीं दिया जा रहा है।

राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को कल पत्र लिखकर संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दा उठाने के विपक्ष के नेता के अधिकार से वंचित किए जाने के संबंध में अपनी नाराजगी व्यक्त की थी।

इसी बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने राहुल का समर्थन करते हुए कहा कि भाषण देते समय वे अक्सर पुस्तकों से उद्धरण देते हैं। राहुल गांधी एक प्रकाशित स्रोत से उद्धृत कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने भी संजय बारू को उद्धृत किया है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं। अगर उनमें हिम्मत है तो उन्हें कहना चाहिए कि हमारे खिलाफ अवमानना का मामला दर्ज किया जाए।

लोकसभा में बोलने की अनुमति न दिए जाने के आरोप में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पत्र पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उनको जवाब दिया गया है। वे नियमों के बाहर बोल रहे हैं। हमने दो दिन इंतजार किया लेकिन दूसरों को भी बोलने की अनुमति मिलनी चाहिए। वे मनमाने ढंग से नहीं बोल सकते। यह भारत की संसद है।

इसी बीच कल अमर्यादित आचरण के कारण निलंबित सांसदों ने आज संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान संसद परिसर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक भी हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *