रिम्स में बनेगी 500 बेड की नई आईपीडी बिल्डिंग : 64वीं शासी परिषद की बैठक में प्रस्ताव पर हुई चर्चा
रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की 64वीं शासी परिषद की बैठक रांची में आयोजित की गई, जिसमें संस्थान से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य एजेंडा रिम्स में नई आईपीडी (इनडोर पेशेंट डिपार्टमेंट) बिल्डिंग के निर्माण को लेकर रहा।
प्रस्ताव के अनुसार डीआईजी ग्राउंड परिसर में 500 बेड की नई आईपीडी बिल्डिंग के निर्माण पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस परियोजना को लेकर सदस्यों ने अपनी-अपनी राय रखी और मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि नई आईपीडी बिल्डिंग के निर्माण से रिम्स में बेड की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे मरीजों की लंबी प्रतीक्षा सूची कम होगी और उन्हें बेहतर व समय पर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि रिम्स में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिसे संतुलित करने के लिए बुनियादी ढांचे का विस्तार जरूरी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि नई बिल्डिंग के बनने से रिम्स की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा राज्य के मरीजों को बाहर जाने की मजबूरी कम होगी।
बैठक में इसके अलावा भी कई अहम एजेंडों को मंजूरी दी गई। हालांकि इन निर्णयों का क्रियान्वयन नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद किया जाएगा। शासी परिषद के सदस्यों ने रिम्स के समग्र विकास को लेकर प्रतिबद्धता जताई।
