रांची

नगर निकाय चुनाव : नामांकन प्रक्रिया तेज, एक दिन में 1,280 उम्मीदवारों ने भरे पर्चे

निकाय

Ranchi : नगर निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को कुल 1,280 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें 106 उम्मीदवार मेयर और अध्यक्ष पद के लिए, जबकि 1,174 उम्मीदवार वार्ड पार्षद पद के लिए शामिल हैं।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ी

नामांकन में महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। सोमवार को मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 44 महिलाओं ने पर्चा दाखिल किया, जबकि 611 महिलाओं ने वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन किया। अब तक कुल मिलाकर मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 56 महिलाएं और वार्ड पार्षद पद के लिए 683 महिलाएं नामांकन कर चुकी हैं। अब तक के कुल नामांकन की बात करें तो मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 129 और वार्ड पार्षद पद के लिए 1,302 नामांकन दाखिल हो चुके हैं।

4 फरवरी तक होगा नामांकन

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 4 फरवरी तक नामांकन किया जा सकेगा। ऐसे में मंगलवार और बुधवार को नामांकन में और तेजी आने की संभावना है। नामांकन की जांच 5 फरवरी को होगी। उम्मीदवार 6 फरवरी तक नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद 7 फरवरी को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा और चुनाव प्रचार तेज हो जाएगा।

देवघर में भाजपा के दो नेताओं ने भरा पर्चा

देवघर नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा के रीता चौरसिया और बाबा बलियासे दोनों ने नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, पार्टी ने अंतिम समय में रीता चौरसिया को समर्थन देने का निर्णय लिया है। वहीं, गोड्डा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए झामुमो समर्थित राजेश मंडल सहित तीन उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है।

कांग्रेस ने कई उम्मीदवारों के नाम तय किए

हालांकि निकाय चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहा है, फिर भी राजनीतिक दल अपने समर्थित उम्मीदवारों को आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस ने मेयर पद के लिए करीब आधा दर्जन उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं। गढ़वा से पूर्व विधायक केएन त्रिपाठी की पुत्री नम्रता त्रिपाठी को पार्टी समर्थन मिलने की संभावना है। जमशेदपुर से मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता का नाम लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा बोकारो से उमेश गुप्ता, धनबाद से शमशेर आलम और रांची से पूर्व मेयर रमा खलखो को कांग्रेस ने समर्थन देने का फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *