बोकारो

बीएसएल के विस्तारीकरण का मार्ग प्रशस्त होने पर बोकारो वेलफेयर सिविल सोसायटी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार

बोकारो, 02 फरवरी । बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के विस्तारीकरण का मार्ग प्रशस्त होने पर इसे लेकर लंबे समय से जन-अभियान चला रहे बोकारो वेलफेयर सिविल सोसायटी के संयोजक कुमार अमित ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर सोमवार को सेक्टर-2 स्थित अम्बे गार्डन में नागरिक अभिनंदन समारोह सह प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

कुमार अमित ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बीते सात महीनों से चल रहे जन-अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लगभग 50 हजार लोगों ने बीएसएल के विस्तारीकरण और बोकारो जनरल हॉस्पिटल (बीजीएच) को सुपरस्पेशलिटी अस्पताल बनाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भेजे। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों, झारखंड के राज्यपाल, नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मुख्यमंत्रियों और सांसदों से मिलकर स्थगित परियोजना को पुनः प्रारंभ कराने का आग्रह किया गया।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई सांसदों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर अभियान का समर्थन किया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद ढुल्लू महतो ने केंद्रीय इस्पात मंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। इन सामूहिक प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और बीएसएल विस्तारीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ।

इस अवसर पर कुमार अमित ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी एवं भूपति राजु श्रीनिवास वर्मा, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं रघुवर दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु सहित सभी सहयोगियों और समर्थकों के प्रति आभार प्रकट किया।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि बोकारो वेलफेयर सिविल सोसायटी के तत्वावधान में बोकारो हवाई अड्डा और प्रस्तावित औद्योगिक गलियारा के लिए शीघ्र ही पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया जाएगा। साथ ही बीजीएच को सुपरस्पेशलिटी अस्पताल बनाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान कई बुद्धिजीवियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और इस जन-आंदोलन को बोकारो के भविष्य के लिए निर्णायक बताया।

इस मौके पर बैंक कर्मचारी संघ के नेता एस.एन. दास, विस्थापित नेता शंकरलाल गोप, उद्यम संकल्प से राजेश कुमार, बीएमएस के महामंत्री विनोद कुमार, एस.के. वर्मा, बीएकेएस के दिलीप कुमार, भानू पाठक, युवा नेता विनोद कुमार, छात्र नेता विवेक पाठक, महिला नेत्री ममता गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *