रांची

सदानंद सेवा धाम पहुंचीं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने की सेवा कार्यों की सराहना

रांची, 02 फ़रवरी । रांची के पुंदाग स्थित प्रणामी ट्रस्ट की ओर से संचालित सदानंद सेवा धाम परिसर में सोमवार को सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम का दौरा करने राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह पहुंचीं। इस अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारी एवं आश्रम परिवार ने उनका स्वागत किया।

मंत्री ने आश्रम का भ्रमण कर वहां रह रहे निराश्रितजनों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने आश्रम में उपलब्ध स्वच्छता, रहन-सहन, भोजन, चिकित्सा, वस्त्र सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया।

मंत्री ने इस मौके पर कहा कि समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद वर्गों के लिए इस प्रकार की सेवा सच्चे अर्थों में मानवता की सेवा है और यह अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे सभी निराश्रितों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनके साथ भोजन भी किया। मंत्री ने आश्रम प्रबंधन को हर संभव सरकारी सहयोग देने का आश्वासन दिया।

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में वर्तमान में आश्रम में 42 निराश्रित रह रहे हैं, जिनकी देखभाल और सेवा आश्रम परिवार द्वारा निरंतर की जा रही है।

मंत्री ने अपने दौरे के दौरान आश्रम परिसर में संचालित गौशाला का भी निरीक्षण किया और गौ सेवा को भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बताया। इस अवसर पर ट्रस्ट के कई पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *